फरीदाबाद, (अंजलि भारद्वाज): जहाँ एक तरफ लोग इलाहाबाद में लगे महाकुम्भ में देव दर्शन कर पुण्य कमाने में लगे हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर में एक ऐसा मामला भी सामने आया है जिसमें शिव मंदिर के दान को ही फर्जीवाडा कर हड़प लिया गया। फर्जीवाडे का आरोप एक महिला पर है जिसने फर्जी तरीके से मंदिर कमेटी का रजिस्ट्रेशन कराया औऱ अपना हक़ जताने लगी। इतना ही नहीं महिला ने मंदिर के दान में आई रकम को भी हड़प लिया I सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समिति के प्रवीण कुमार कादियान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सैनिक कॉलोनी, सेक्टर 49 स्थित शिव मंदिर के पुजारियों ने उन्हें कहा था कि कॉलोनी में रहने वाली मोनिका भाटिया नामक महिला द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा है। बगैर किसी कारण मोनिका ने सेवादार राम किशन को मंदिर से निकाल दिया। वह अपने आपको शिव मंदिर का मुखिया बता रही है। सहायक रजिस्ट्रार ने कहा कि दी फरीदाबाद एक्स सैनिक व कर्मचारी को-ऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी लिमिटेड को-ऑपरेटिव सोसाइटी एक्ट के तहत पंजीकृत है। समिति का संचालन अधिनियम अनुसार प्रबंधक कमेटी द्वारा किया जाता है। लेकिन वर्तमान में इस समिति में प्रबंधक कमेटी के ना होने के कारण समिति का कार्य संचालन सरकार के नियुक्त प्रशासक मण्डल द्वारा किया जा रहा है।
प्रशासक द्वारा जांच के दौरान समिति के खातों में कई अनियमितताएं पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि दान की राशि का गलत इस्तेमाल हुआ है। उनका आरोप है कि महिला ने गैर-कानूनी तरीके से शिव मंदिर के नाम पर एक समिति बनाकर उसे रजिस्टर करवा लिया। जबकि शिव मंदिर के बारे में कोई भी निर्णय लेने का अधिकार केवल समिति की आम सभा या प्रबंधक कमेटी का होता है। उन्होंने कहा कि मोनिका भाटिया ना तो प्रबंधक कमेटी का हिस्सा थी और ना ही प्रशासक मण्डल का। परंतु अभी भी मोनिका भाटिया द्वारा शिव मंदिर की व्यवस्था में हस्तक्षेप किया जा रहा है, जो कि गलत है।
स्थानीय समुदाय और धार्मिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *