फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : अनंगपुर गांव निवासी एक किसान का शव रविवार सुबह कांत एन्क्लेव के जंगल में पेड़ से लटका मिला। ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने भाजपा पार्षद व उसके भाई सहित पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की बात लिखी है। किसान ने मरने से पहले करीब 20 मिनट की वीडियो भी बनाई है जिसमें आरोपियों द्वारा परेशान करने की बात कही है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर भाजपा नेता सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना सूरजकुंड में अनंगपुर घाटी तला मोहल्ला निवासी अजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनका बड़ा भाई जयपाल 27 दिसंबर को घर से कह कर गए थे कि वह देवेंद्र, गजेंद्र, जयपाल उर्फ जग्गे, विकल व दिनेश उर्फ डीके से मिलने जा रहे हैं। इन पर उनकी बकाया धनराशि है और यह उसे बहुत दिनों से बहका रहे हैं, जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। उनके भाई शाम तक घर लौट कर वापस नहीं आए ताे भतीजा निखिल ढूंढते हुए कांत एन्क्लेव के जंगल में पहुंच गया। वहां देखा कि भाई जयपाल पेड़ पर फंदा बनाकर लटका हुआ है। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर शव को नीचे उतारा। परिवार को किसान की जेब एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें कहा गया कि भाजपा पार्षद गजेंद्र उर्फ लाला व उसके भाई देवेंद्र सहित उक्त पांच लोग उसे धमकाते हैं। इनकी वजह से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।
अजयपाल ने आशंका जाहिर की कि हो सकता है कि भाई को इन लोगों ने मारा है। अजयपाल ने बताया कि उसे और भाई के बच्चों को आरोपियों से जान का खतरा है। यह लोग राजनीति से जुड़े हैं। मृतक ने यह कदम उठाने से पहले मोबाइल फोन से अपनी पांच वीडियो बनाई है जिसमें पूरी बात बताई गई है। इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई प्रवीन ने बताया कि अभी तक जांच में सामने आया है कि जयपाल ने देवेंद्र के साथ 2016 में अपनी एक बीघा जमीन बेचने का सौदा किया था। उस समय देवेंद्र ने उसे चैक दे दिए लेकिन बाद में कहा कि वह कैश दे देगा। इसके बाद पूरी रकम जयपाल को समय पर नही दी गई। इस वजह से दोनों पक्षों में विवाद रहता था। थाना सूरजकुंड प्रभारी प्रह्लाद ने बताया शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
