फरीदाबाद, 25 जुलाई (पूजा भारद्वाज) : सस्ते आईफोन के लालच में एक दसवीं की छात्रा ने 1.34 लाख रुपये गंवा दिए। ठगों ने किशोरी को 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और पैसे ट्रांसफर कराए। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एनआइटी तीन नंबर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनकी भतीजी 10 वीं कक्षा में पढ़ती है। जून में उसने सोशल मीडिया पर सस्ता आईफोन का विज्ञापनदेखा। ठगों ने 40 हजार रुपये में फोन देने की बात कही। भतीजी ने आरोपियों द्वारा बताए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी भतीजी मुंबई क्राइम ब्रांच और सीबीआई अधिकारी बनकर डराने लगे। आरोपियों ने छात्रा पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की धमकी दी। छात्रा ने डर के कारण आरोपियों को और पैसे भेजने शुरू कर दिए। ठगों की हिम्मत इतनी है कि उनका एक गुर्गा बाकायदा इनके घर के बाहर आकर छात्रा से एक लाख रुपये लेकर गया। करीब 10 दिन तक ये सिलसिला चलता रहा।
इस दौरान छात्रा परेशान और गुमसुम रहती थी। अक्सर स्कूल भी नहीं जाती थी। ठगों ने उसे धमकी दी थी कि यह बात किसी को बताई तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी दिन में उसके साथ वीडियो काॅल पर बात करते रहते थे। छात्रा की हरकतों पर जब परिवार को शक होने लगा तो कारण पूछा। इस पर बच्ची ने परिवार को सबकुछ बता दिया। परिवार ने पुलिस को मामले की शिकायत दी है। ठगों ने छात्रा से एक लाख 34 हजार रुपये ऐंठ लिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
