फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : पति की नशे की आदत से परेशान होकर एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी आरएमपी डॉक्टर है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी सतीराम ने पुलिस को बताया कि बेटी ममता की शादी दो साल पहले गाजीपुर रोड निवासी साेनू के साथ की थी। सोनू आरएमपी है। यह उसकी दूसरी शादी थी। वह शराब पीने का आदी है। उसकी आदत से परेशान होकर पहली पत्नी भी छोड़कर चली गई थी। अब वह शराब पीकर ममता को भी परेशान करता था। उसकी इस आदत से परेशान होकर ममता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सोनू ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब भी आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस ने शव कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ममता के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।एक अन्य मामले में पर्वतीय कालोनी में भडाना चौक के पास 19 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह चार माह की गर्भवती थी। मृतका का नाम सिमरन था। परिवार वालों ने बताया कि करीब एक साल पहले सिमरन की शादी भडाना चौक पर रहने वाले दीपक के साथ की थी। आरोप है कि दीपक और उसके परिवार वाले सिमरन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इससे दुखी होकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उनकी शिकायत पर पति व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
