फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने सीए से 25 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5000 रुपये का इनाम भी घोषित था। 24 नवंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ इलाके में एक सीए से बाइक सवार बदमाशों ने 25.33 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया था। इस पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तीन आरोपियों 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था। इस केस में गांव नरियाला फरीदाबाद निवासी आरोपी संजीव (27) वारदात के बाद से ही फरार था। इस पर पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सीआईए टीम ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत संजीव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी अभिषेक उर्फ अभी व कपिल के साथ शिकायतकर्ता से 25,33,000 रुपये लूटने की वारदात में शामिल था व उसने शिकायतकर्ता को चाकू दिखाया था। आरोपी से 30,000 रुपये बरामद किये गये है।
