दुकानदार को गनपॉइंट पर रखकर की वारदात

फरीदाबाद (शुची आर्या): मंगलवार को सेक्टर 7 स्थित एक ज्वेलरी की दुकान से 6 हथियार बंद बदमाश करीब ₹18 लाख की ज्वेलरी और 2 लाख कैश लेकर फरार हो गए। सुबह करीब साढ़े 10 बजे 6 बदमाश दो बाईकों पर सवार होकर आए थे और 5 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमों के अलावा, डीसीपी व एसीपी पहुंच गए। डकैतों को पकड़ने के लिए 5 टीमें लगाईं गई हैं। सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।

बाइक स्टार्ट कर दो बदमाश बाहर ही खड़े रहे
तरुण ज्वेलर्स के मालिक तरुण और विनय जैन सेक्टर 7 सी में रहते हैं। सेक्टर 7 की हुड्डा मार्केट में स्थित इस दुकान को प्रतिदिन 10 बजे खोला जाता है। मंगलवार सुबह भी विनय जैन और दुकान के 3 कर्मचारी 10 बजे तक पहुंच गए थे। दुकान की साफ सफाई करने के बाद वे बैठे ही थे कि करीब साढ़े 10 बजे दुकान के सामने 2 बाईकें आकर रुकीं। उनपर पर सवार 4 युवक दुकान के अंदर घुस गए जबकि दो बाइक स्टार्ट कर बाहर ही खड़े रहे। उनमें से तीन ने तौलिये से अपना चेहरा ढका था, एक ने हेलमेट पहन रखा था और बाकी दो ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
बदमाशों ने दुकानदार पर बंदूक तान दी और काउंटर पर रखी सोने व चांदी की ज्वेलरी थैलों में भरने लगे। आरोपियों ने करीब 10 किलो चांदी, 50 ग्राम सोने और काफी तरह के नगीने आदि लूट लिए। साथ ही दुकान में रखे 2 लाख रुपए और कर्मचारियों के फोन भी थैलों में डाल लिए। पांच मिनट के भीतर बदमाश दो थैलों में भरी ज्वेलरी लेकर बाहर निकल गए। इस दौरान हड़बड़ी में वह एक थैली दुकान के ही छोड़ गए।
आरोपियों ने दुकान से बाहर जाकर शटर बंद कर दिया और उसमें ताला लगा दिया। उन्हें डर था कि कोई बाहर आकर शोर न मचा दे। उनके जाने के बाद कर्मचारी शोर करने लगे लेकिन शटर बंद होने के कारण बाहर तक उनकी आवाज नहीं पहुंच सकी। पुलिस का कहना है कि वह बदमाशों की तलाश में लगी है। जल्द ही पहचान कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *