फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : एसजीएम नगर में रंजिश के चलते एक डाॅक्टर को पड़ोस में रहने वाले युवक व उसके दोस्तों ने बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने डॉक्टर के पैर में कैंची घोंप दी और गल्ले से 1.10 लाख रुपये लूट लिए। बुरी तरह से जख्मी डाक्टर को आसपास के लोगों ने आरोपियों से बचाया। आरोपी एक पुरानी कहासुनी को लेकर डाॅक्टर से नाराज था। आरोप है कि मारपीट करने वाले युवक इससे पहले भी कई बार पीड़ित जान से मारने की धमकी दे चुका था। डाॅक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डाॅक्टर को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसजीएम नगर निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कालोनी में ही अपना क्लीनिक चलाते हैं। रविवार रात को 10 बजे जब वह अपना क्लीनिक बंद करने की तैयारी में थे तो पास में रहने वाला सोनू अपने एक साथी के साथ क्लीनिक में घुस गया। आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। सोनू के साथी ने डाॅक्टर पर डंडों से भी वार किए। एक आरोपी ने उनके पैर में कैंची घोंप दी। आरोप है कि हमलावर उनके गल्ले से 1.10 लाख रुपये भी लूटकर ले गए। गंभीर हालत में डाॅक्टर ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने उन्हें हमलावरों से छुड़ाया। एसजीएम नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
