मृतक हिमांशु
परिजन लगा रहे हत्या का आरोप, सीसीटीवी में बाइक से गिरता दिखा मृतक
फरीदाबाद, ( न्युज अड्डा ) : दोस्तों के साथ घर से निकले किशोर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी लगी है जिसमें मृतक छात्र दोस्तों के साथ बाइक पर जा रहा है। गली में वह बाइक से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। सेक्टर-58 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीकरी गांव निवासी हरीश ने बताया कि उनका बेटा हिमांशु बारहवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह 10 बजे उसके दोस्त अंशुल और समीर घर पर आए थे। दोनों दोस्तों के साथ हिमांशु बाहर घूमने निकल गया। करीब एक घंटे बाद ही हिमांशु के फोन से अंशुल ने फोन करके उसके बेहोश होने की जानकारी दी। इस पर हरीश ने अंशुल से कहा कि वह उसको बादशाह खान अस्पताल ले जाए। परिवार के लोग जब बादशाह खान नागरिक अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने बताया कि हिमांशु की मौत हो चुकी है। मृतक के भाई साेनू ने कहा कि उसके दोस्तों ने ही हिमांशु को मारा है। सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं थे। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत कैसे हुई है। सीसीटीवी में दिखाई दे रही बाइक से हिमांशु गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि बाइक से गिरने के कारण ही हिमांशु की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
