आर्थिक मदद व राशन देकर लोगों को झांसे में लेते थे आरोपी
फरीदाबाद, ( न्युज अड्डा ) : टोने टोटके से लोगों की बीमारी ठीक करने के नाम पर लोगों के धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि दिल्ली के सीमापुरी निवासी एक सैमुईल नाम का व्यक्ति कॉलोनी में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराता है। वह लोगों को आर्थिक मदद के साथ टोटके से बीमारी ठीक करने का झांसा देता और धार्मिक ग्रंथ भी वितरित कर रहा था। सराय ख्वाजा थाना की पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
विजय शंकर यादव नाम के युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह कॉलोनी के अधिकांश व्यक्ति को जानते हैं। आरोप है कि दिल्ली के सीमापुरी निवासी सैमुईल नामक व्यक्ति करीब एक साल से संतोष नगर आता है। साथ ही स्थानीय युवक के साथ मिलकर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के घर जाकर तरह-तरह का सब्जबाग दिखा कर बीमारी ठीक करने और पैसे देने का लालच देता है। साथ ही लोगों में एक धर्म से जुड़े धार्मिक ग्रन्थ भी वितरित करता है। शिकायकर्ता के अनुसार रविवार सुबह भी एक घर में करीब 10-12 लोगों के बीच बैठ कर यही काम कर रहा था और टोना-टोटका कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पहुंची क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना की पुलिस ने दबिश देकर आरोपी सैमुईल को गिरफ्तार कर लिया।
