फरीदाबाद, ( न्युज अड्डा ) : सेक्टर 84 बीपीटीपी एलीट फ्लोर निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा 9 दिसंबर को मोबाइल पर एक व्हाट्सएप ग्रुप सीबीओई डेटा टास्क के जरिए टेलीग्राम पर एड दिया था। वहां से पैसे कमाने के लिए लालच दिया और मनी ट्रांसफर करने के लिए बोला गया। घर बैठे पैसे कमाने की बात कही गई थी। लालच में आकर शिकायत कर्ता ने कई चरणों में ठगों द्वारा दिए गए अकाउंट में कई चरणों में 4 लाख 42 हजार 876 रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने टैक्स मांगना शुरू कर दिया। पैसे रिलीज करने के लिए और पैसों की डिमांड की। तब ठगी का पता चला। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
इसी तरह सेक्टर 21 सी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें ट्रैफिक चालान की जल्द से जल्द अदायगी की बात कही गई थी। जल्द से जल्द चालान न भरने पर भारी भरकम जुर्माना भरने की भी चेतावनी दी गई थी। ठगों ने एक लिंक भेजा और उसमें कार की डिटेल भेजकर सबमिट कर दिया। कार का 500 रुपए का चालान आया था। उसका भुगतान क्रेडिट कार्ड से कर दिया। इसके बाद खुद बा खुद ओटीपी शेयर हो गया और अकाउंट से कई चरणों में कुल 3 लाख 25 हजार रुपए कट गए। ठगी का पता चलने पर साइबर थाना एनआईटी से शिकायत की। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुट गई है।
