अश्लील वीडियो बनवाकर लोगों से पैसे ऐंठने का काम करता था गैंग

फरीदाबाद: सेक्टर 58 थाना इलाके की राजीव कॉलोनी से नाबालिग बच्चियों से अश्लील वीडियो बनवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला अपने साथियों के साथ मिलकर नाबालिग बच्चियों से अश्लील वीडियो बनवाने का गिरोह चला रही थी। आरोपी महिला बच्चियों से लोगों को वीडियो कॉल पर बात करवाती थी और उनसे पैसे ऐंठने का काम करती थी। एक बच्ची ने महिला की हरकत के बारे में पुलिस को शिकायत कर दी। आरोपी महिला और उसके साथी अभी फरार हैं।
बच्ची के साहस से सामने आया मामला
14 साल की पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर के पास संगीता नाम की एक महिला रहती है जिसकी बेटी पीड़िता की दोस्त थी। एक दिन वह दोस्त से मिलने घर गई तो उसकी मां किसी सन्नी नाम के युवक के साथ वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। महिला ने बच्ची को भी अपने कमरे में कुर्सी पर बैठा दिया और सन्नी के साथ वीडियो कॉल पर अश्लील हरकते करने लगी। महिला ने बच्ची से कहा कि तू भी ऐसा ही कर और मैं तुझे चार हजार रूपये दूंगी। बच्ची डरकर अपने घर भाग गई।
▪️ आरोपी महिला ने कुछ दिन बाद फिर से बच्ची को अपने घर बुलाया जहां सन्नी नाम का युवक पहले से मौजूद था। महिला ने कहा तुम बातें करो और दरवाजा बंद करके वहां से चली गई। बच्ची ने पुलिस को बताया कि सन्नी ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसके शोर मचाने पर महिला ने दरवाजा खोल दिया। सन्नी मौके से फरार हो गया।
महिला के पास और भी बच्चियां होने दावा
बच्ची का कहना है कुछ दिन बाद महिला ने बच्ची को फिर अपने पास बुलाया और कहा तू अपनी फोटो सन्नी के पास भेज दे। कारण पूछने पर महिला ने कहा तू उसकी गर्लफ्रेंड बन जा। बच्ची की मां ने पूरी बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली थी। बच्ची व उसकी मां का दावा है कि आरोपी महिला के घर में कई सारी नाबालिग बच्चियां हैं। महिला अपनी कुछ साथियों के साथ मिलकर पूरे रैकेट को चलाती है।
डीसीपी एनआईटी कुलदीप सिंह ने बताया मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मामला संवेदनशील होने के कारण वह पूरे केस पर नजर बनाए हुए हैं।
