
फरीदाबाद (शुची आर्या): सेक्टर 24 के पास बृजवासी चौक पर सोमवार को टैंकर के नीचे आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टैंकर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
मृतक की पहचान सेक्टर 55 निवासी मुकेश कुमार (20) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के जालौर जिले का रहने वाला था। मुकेश अपने मामा के साथ सेक्टर 55 की हाउसिंग कॉलोनी में रहता था। मृतक के पड़ोसी ने बताया कि उसके मामा किसी काम से राजस्थान में गए थे। वह घर पर अकेला ही था। सोमवार को दोपहर करीब एक बजे वह चेक डालने के लिए बैंक जा रहा था। बृजवासी चौक पर उसके आगे चल रही बाइक से टकराकर वह नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे टैंकर ने उसे कुचल दिया। पुलिस टैंकर चालक की पहचान कर रही है।
