फरीदाबाद, ( न्युज अड्डा ) : पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत एतमादपुर के पास आगरा नहर में सोमवार देर रात एक युवक संदिग्ध हालात में गिर गया। उसकी पहचान 23 वर्षीय नवनीत के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पल्ला थाना की पुलिस एसडीआरएफ टीम की मदद से उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे की है। नवनीत के पिता उमेश सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे उनके बड़े बेटे ने फोन कर सूचना दी कि नवनीत एतमादपुर पुल के पास नहर में गिर गया है।
सूचना मिलने के बाद वह अपने बड़े बेटे के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पुल के पास नहर में उसकी तलाश की, लेकिन नवनीत नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पर कॉल की गई। सूचना पाते ही डायल-112 टीम के साथ और पल्ला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर युवक को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम की मदद से उसकी तलाश की गई।
