फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : डिजिटल अरेस्ट कर व्यक्ति से 81 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगों को खाता उपलब्ध कराया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-7 D निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ में दी शिकायत में बताया कि 14 से 18 अक्टूबर तक लगातार उसके पास कथित डिपार्टमेंट ऑफ़ टेलीकम्युनिकेशन, DCP बैंगलोर और CBI मुंबई के अधिकारी के वीडियो व ऑडियो कॉल आये और उसे डिजिटल अरेस्ट करके रखा गया तथा उसे बताया गया की उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसी गैर कानूनी गतिविधियों में आया है जिस पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
उसे केस से निकालने के नाम पर कुल 81,00,000 रुपये ठगों ने खाता में ट्रांसफर करवा लिये। जिस पर साइबर थाना टीम ने केस दर्ज किया था। साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने इस केस में जोधपुर राजस्थान निवासी धर्मेंद्र सोनी (23) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी धर्मेंद्र सोनी ने गोकुल नाम के व्यक्ति से खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। आरोपी 12 वीं पास व बेरोजगार है। पूर्व में आरोपी गौकुल (खाताधारक) अजय, महावीर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गोकुल के खाता में ठगी के 30 लाख रुपये आये थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
