फरीदाबाद, ( न्यूज अड्डा ) : सिकरौना थाना क्षेत्र के गांव कबूलपुर में नींव की खुदाई करने के दौरान पड़ोस का मकान गिर गया।इससे मकान में रह रही सात बच्चों को चोट आई है। एक सात साल की बच्ची के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में पीड़ित की किराना की दुकान, बाइक समेत अन्य घरेलू सामान टूट गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से बिहार के मुंगेर जिला निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह गांव कबूलपुर बांगर में सिकरौना निवासी जीतराम के मकाल में किराए पर रहते हैं। परिवार पालने के लिए उन्होंने किराए के मकान में ही किराना की दुकान खोल रखी है। घर के बराबर में सुंदर सिंह का प्लाट है। 18 दिसंबर को सुंदर सिंह अपने प्लाट की नींव खुदवा रहे थे। इससे उनके मकान की दीवार की मिट्टी निकल गई और मकान भरभराकर नीचे गिर गया। जिससे दुकान, मकान, बाइक, फ्रिज, बैड, सिलाई मशीन, ऑटो, दुकान के सारे समान और घरेलू समान नष्ट हो गया। यही नहीं बच्चे छत के नीचे आ गए जिससे सातों बच्चों को चोटें आयी है। एक सात साल की बेटी अंशिका के सिर में अधिक चोट आयी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी सुंदर सिंह ने चार दिन पहले धमकी दी थी कि दुकान में जेसीबी चलवायेंगे। करीब दो साल पहले उसके बेटे से मारपीट भी हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
