फरीदाबाद, 5 अगस्त( न्यूज अड्डा ) फरीदाबाद पुलिस की AVTS-2 भूपानी की टीम ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कार्रवाई करते हुए गांव खेड़ी में छात्र के घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। जिनको अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव खेड़ी निवासी रोहित पुत्र देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई देव उर्फ भोला 12वीं कक्षा का छात्र है और एन.एस. विद्या मंदिर स्कूल, फरीदपुर से में पढता है। 31 जुलाई को स्कूल से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद 2 युवक मोटरसाइकिल पर गांव खेड़ी स्थित उसके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना बीपीटीपी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान दोनों अरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए AVTS-2 भूपानी के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक जवाहर, सिपाही भवानी प्रसाद और सिपाही सचिन की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 अगस्त को 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान अभिषेक (22) पुत्र कर्मवीर निवासी गांव फरीदपुर तथा अमन उर्फ फल्लू (25) पुत्र बिजेंद्र निवासी गांव फरीदपुर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान अभिषेक के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि अमन उर्फ फल्लू की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक के चाचा की बेटी भी एन.एस. विद्या मंदिर स्कूल, फरीदपुर में पढ़ती है। देव उर्फ भोला ने छात्रा के साथ बदतमीजी की थी। इसी को लेकर 31 जुलाई को अभिषेक अपने साथी अमन के साथ मोटरसाइकिल पर गांव खेड़ी स्थित उनके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर फरार हो गए।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपित अभिषेक करीब एक वर्ष पहले अवैध देशी पिस्टल ली थी, टीम ने सोर्स की पहचान कर ली है जिसको भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
