आरोपियों से 2 पिस्टल, एक कट्टा, 4 मैगजीन और 30 कारतूस बरामद
फरीदाबाद, 10 अगस्त ( न्यूज अड्डा, पूजा भारद्वाज ) : क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास से तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्रेजा कार में सवार होकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन, 30 कारतूस और ब्रेजा कार बरामद की है।
आरोपियों की पहचान गांव बाघपुर, जिला पलवल, हाल पता संजय कॉलोनी निवासी बसंत (34 वर्ष) , गांव बहादुरपुर, जिला सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल पता संजय कॉलोनी निवासी आकाश उर्फ मोनू (30 वर्ष) व गांव कोटला खुर्द, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश, हाल पर्वतीय कॉलोनी निवासी योगेश उर्फ योगी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया 8 अगस्त को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को सूचना मिली कि थाना सेंट्रल के अंतर्गत अजरौंदा चौक के पास कुछ व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जिस पर क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को मौके पर एक ब्रेजा कार में तीन व्यक्ति बैठे मिले।
गाड़ी में बैठे आकाश उर्फ मोनू के कब्जे से एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस, योगेश उर्फ योगी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं। दोनों मैगजीन में छह-छह जिंदा कारतूस मिले। वहीं बसंत के कब्जे से भी एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं। दोनों मैगजीन में छह-छह जिंदा कारतूस मिले। वारदात में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
