फरीदाबाद, 29 जुलाई (न्यूज अड्डा) : खेडीपुल थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक प्रापर्टी डीलर को कार में बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाश करीब ढाई घंटे तक पीड़ित को उसकी ही कार में घुमाते रहे और जान से मारने की धमकी देते रहे। भारत कालोनी निवासी अमरेश पाठक ने शिकायत में बताया कि वह प्रापर्टी डीलर हैं और उनका कार्यालय सेक्टर-18 में है। 27 जुलाई की रात वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे गड्डा कालोनी के पास वह कार रोककर नीचे उतरे। वापस कार में बैठते ही तीन युवक अचानक पहुंचे। एक युवक ने उन्हें चालक सीट से हटाकर खुद कार संभाल ली, जबकि अन्य दो ने उन्हें पकड़कर कार के अंदर ही मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उनकी जेब से 4,600 रुपये, दो मोबाइल, दो डेबिट कार्ड और हाथ में पहनी घड़ी छीन ली। मारपीट के दौरान आरोपितों ने बैंक कार्ड का पिन भी पूछ लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने उनका गला दबाया और शर्ट से मुंह ढक दिया। इस दौरान तीनों आरोपित लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे। शिकायत के अनुसार आरोपित करीब ढाई घंटे तक उन्हें उनकी ही कार में अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे। इसके बाद तड़के करीब तीन बजे टिकावली गांव के मास्टर रोड पर उन्हें कार से उतार दिया और कार की चाबी लेकर फरार हो गए। किसी तरह राहगीरों की मदद से पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लूट, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने बताया है कि सामने आने पर वह दो आरोपितों की पहचान कर सकता है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
