3

बिना OTP के बैंक खातों से उडा देते थे रकम, चार गिरफ्तार


आरोपियों ने तीन बैंक खातों से निकाले थे 1.81 लाख

फरीदाबाद, 29 जुलाई ( न्यूज अड्डा ): साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने बिना OTP के बैंक खातों से 1.81 लाख रुपये निकालने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे 1,20,000 नकद तथा वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पल्ला क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जून 2026 को उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से तीन ट्रांजेक्शनों के माध्यम से कुल 1,81,800 निकाल लिए गए और इस दौरान उसके मोबाइल पर किसी प्रकार का OTP भी प्राप्त नहीं हुआ, फिर भी खातों से राशि निकाल ली गई। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता मद्देनजर साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों की जांच की। इस दौरान पुलिस बैंक खातों की कड़ी को जोड़ते हुए 4 आरोपियों तक पहुंच गई। आरोपियों की पहचान गांव रंगोली, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश) निवासी नीलू कुशवाह , गांव राजापुर, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश) निवासी कल्लू कुशवाह , गांव निगोना खेड़ा, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी मुकेश कुशवाह तथा गांव टहरौली, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी निशांक शर्मा के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कल्लू कुशवाह इस मामले में बैंक खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता अपने दोस्त नीलू कुशवाह को उपलब्ध कराया था। कल्लू के खाते में साइबर ठगी की 69,500 की राशि प्राप्त हुई थी। इसके बाद नीलू ने उक्त बैंक खाता अपने परिचित मुकेश कुशवाह को उपलब्ध कराया और मुकेश ने इसे आगे निशांक शर्मा को सौंप दिया। निशांक ने टेलीग्राम के माध्यम से यह बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया, जिसके जरिए ठगी की राशि का लेन-देन किया गया।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह अपने बैंक खातों, डेबिट/क्रेडिट कार्ड एवं इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और ना ही अंजान लिंक पर क्लिक कर एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करें। यदि खाते से कोई संदिग्ध लेन-देन दिखाई दे तो तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को होल्ड कराया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *