फरीदाबाद, 07 अगस्त (न्यूज अड्डा) : गांव मंझावली स्थित गुरुकुल में पढ़ाई कर रहे 12 वीं कक्षा के छात्र ने री-परीक्षा में फेल होने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम आशीष है 12 वीं कक्षा में अंग्रेजी विषय में फेल होने के बाद री-परीक्षा में शामिल हुआ था। परीक्षा में दोबारा असफल होने के बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया।
मृतक आशीष मूलरूप से राजस्थान के अलवर जिले के दादिया मंडावर का रहने वाला था। वह गांव मंझावली स्थित गुरुकुल में छठी कक्षा से पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई में अच्छा था और 10 वीं कक्षा में भी उसके अच्छे अंक आए थे। 12 वीं कक्षा में अंग्रेजी विषय में उसकी री आई थी। उसने री-परीक्षा दी, लेकिन उसमें भी सफल नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि परीक्षा में दोबारा असफल होने के बाद आशीष तनाव में था। इसी दौरान उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गुरुकुल में शोक का माहौल है। आशीष के पिता विक्रम खेतीबाड़ी करते हैं। उनके दो बेटे हैं और आशीष छोटा बेटा था।
