2

फरीदाबाद, 1 अक्टूबर ( न्यूज अड्डा ) : साइबर ठगी के नए और खतरनाक मामलों का खुलासा करते हुए फरीदाबाद के बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने एक व्यक्ति के मोबाइल पर APK फाइल भेजकर उसका फोन हैक किया और बैंक खाते से 87,398 रुपये निकाल लिए। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान हिमांशु-1 और हिमांशु-2 (निवासी, पंजाब) के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि उसे एक अज्ञात नंबर से मोबाइल पर APK फाइल भेजी गई थी। जैसे ही उसने उस फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही समय बाद उसके बैंक खाते से 87,398 रुपये की रकम कट गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आरोपियों की भूमिका:

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में बड़े खुलासे हुए हैं:

  • हिमांशु-1: यह साइबर ठगी के लिए कॉलिंग हेतु डेटा और लॉजिस्टिक्स उपलब्ध करवाता था। साथ ही, ठगी की गई रकम को एटीएम के माध्यम से निकलवाने का काम करता था।
  • हिमांशु-2: यह सेविंग अकाउंट पर मर्चेंट आईडी (Merchant ID) तैयार करवाकर ठगी के पैसों को आगे ट्रांसफर करवाता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

साइबर सेल की चेतावनी:

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम या किसी भी अनजान नंबर से आने वाली किसी भी APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *