DCP cyber himendri koshik.jpeg

फरीदाबाद, 7 अगस्त (न्यूज अड्डा ) साइबर अपराधी, लोगों के मोबाइल फोन हैक करने के लिए APK फाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह फर्जी ऐप फाइल होती है, जिसे WhatsApp, SMS या अन्य संचार माध्यमों से भेजा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता है तो साइबर ठग उसके मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं।

हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त साइबर ने बताया कि साइबर ठग कई तरह से लोगों को अपने शिकार बना रहे हैं। आजकल साइबर ठग पानी, बिजली व गैस के बिल, शादी का निमंत्रण कार्ड, RTO चालान इत्यादि के नाम से या फिर फर्जी ई-कॉमर्स प्लेटफार्म द्वारा लिंक के माध्यम से एपीके फाइल भेज कर साइबर ठगी की वारदातें कर रहे हैं।

साइबर अपराधी लोगों को डराने, उत्सुकता या जल्दबाजी में निर्णय लेने के लिए इस प्रकार के संदेश भेजते हैं कि लोग पैनिक में आ आकर उनके द्वारा भेजी गई फाइल को डाउनलोड कर लें जैसे कि –

आपका बिजली बिल बकाया है, तुरंत भुगतान करें

आपका पानी का बिल जमा नहीं हुआ, कनेक्शन काट दिया जाएगा

आपके वाहन का RTO/Traffic Challan लंबित है

KYC अपडेट करें, नहीं तो बैंक खाता बंद हो जाएगा

शादी का निमंत्रण कार्ड

लोन की क्रेडिट लिमिट चेक करें

फर्जी ई-कॉमर्स प्लेटफार्म द्वारा एपीके फाइल का लिंक

डीसीपी साइबर ने बताया कि इस तरह की फाइल कभी भी डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करनी चाहिए। ऐसी फाइलें आप के मोबाइल से OTP, SMS, कॉन्टैक्ट्स, बैंकिंग, व्टसएप इत्यादि से संबंधी जानकारी चुरा सकती हैं।

बचाव के आसान उपाय

  • किसी भी अनजान नंबर से आई APK फाइल डाउनलोड न करें।
  • केवल Google Play Store या अधिकृत ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें।
  • किसी भी लिंक या फाइल पर क्लिक करने से पहले उसकी सच्चाई जांच लें।
  • किसी को भी OTP, UPI PIN, बैंक पासवर्ड या CVV साझा न करें।
  • यदि गलती से APK फाइल इंस्टॉल हो गई है, तो तुरंत इंटरनेट बंद करें, बैंक को सूचित करें और सभी महत्वपूर्ण पासवर्ड बदल दें और अपने फोन को नजदीकी साइबर थाना में लेकर जाएं।

साइबर ठगी का शिकार होने पर इसकी जानकारी तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से धनराशि बचने की संभावना बढ़ जाती है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अनजान APK फाइल पर क्लिक न करें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें। किसी भी संदिग्ध संदेश या फाइल को बिना जांचे डाउनलोड न करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *