घटना से पहले मंगेतर को फोन कर रोई थी मृतका
फरीदाबाद, 04 अगस्त ( न्यूज अड्डा ) : सेक्टर-14 स्थित एक कपड़े के कारोबारी की कोठी में काम करने वाली 15 वर्षीय घरेलू सहायिका महिमा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला हैं। परिवार का कहना है कि घटना से ठीक पहले किशोरी ने अपने मंगेतर को फोन किया था और वह रो रही थी। मंगेतर ने तुरंत अपने ससुराल (महिमा के परिजनों) को फोन कर कहा कि जल्दी कोठी पर जाओ, महिमा रो रही है। परिवार के लोग जब पहुंचे, तो महिमा का शव फंदे से लटका हुआ था।
मूल रूप से यूपी के हरदोई निवासी कुसुमलता ने बताया फिलहाल वह बीपीटीपी पुल के पास झुग्गियों में रह रही थी। लंबे समय से सेक्टर-14 के घरों में काम करती हैं। उनकी बेटी महिमा (15) पिछले करीब चार महीनों से मकान नंबर 29 में घरेलू सहायिका के तौर पर 24 घंटे रहकर काम कर रही थी। उसे रहने के लिए तीसरी मंजिल पर कमरा दिया गया था। रविवार को महिमा अपने घर आई हुई थी और शाम करीब चार बजे उसका भाई उसे बाइक से वापस कोठी छोड़कर गया था। परिजनों के मुताबिक, शाम को महिमा ने अपने मंगेतर को फोन किया और वह रो रही थी। घबराए मंगेतर ने तुरंत महिमा के परिवार को फोन कर कोठी पहुंचने को कहा। जब मां और अन्य परिजन पहुंचे तो महिमा के गले में फंदा लगा हुआ था, लेकिन उसके घुटने बिस्तर से सटे हुए थे। परिजनों ने तुरंत फंदा काटकर उसे बेड पर लिटाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
–
मकान मालिक और उसकी पत्नी पर लगाया हत्या का आरोप
महिमा की मां कुसुमलता और परिजनों का आरोप है कि महिमा की हत्या की गई है। उन्हें मकान मालिक व उनकी पत्नी पर शक है। परिजनों का कहना है कि महिमा गले में फंदा लगे होने के बावजूद बेड पर घुटनों के बल टिकी हुई थी, जो हत्या की ओर इशारा करता है। वहीं पुलिस का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लिटा दिया था। कोठी में महिमा के अलावा एक अन्य घरेलू सहायिका भी काम करती है। परिजनों ने बताया कि दो महीने पहले ही उसकी सगाई की गई थी। घटना से ठीक पहले महिमा ने फोन पर मंगेतर से क्या बात की और वह क्यों रो रही थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस ने किशोरी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
