5 (2)


फरीदाबाद, 07 अगस्त ( न्यूज अड्डा ) : सेक्टर तीन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 11 वीं के छात्र के बैग में चाकू, दो मोबाइल, एयरगन और माचिस मिलने से हड़कंप मच गया। दरअसल एयरगन को अध्यापक असली पिस्तौल मान बैठे थे। उन्होंने छात्र से पूछताछ करके पुलिस में शिकायत दी। मौके पर आई सेक्टर तीन चौकी पुलिस ने छात्र से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। छात्र ने बताया दोस्त के जन्मदिन पर केक काटने के लिए बैग में घर की रसोई का चाकू और माचिस लेकर आया था। एयरगन उसने खेलने के लिए बैग में रखी हुई थी। उसने अपने साथ चार और छात्रों का साथ होने की बात कही। पूछताछ के बाद पुलिस ने छात्रों को छोड़ दिया।

इसी बीच स्कूल में चर्चा बनी कि सहपाठियों से विवाद के कारण छात्र चाकू और एयरगन लेकर पहुंचे थे। स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी शिकायत के अनुसार तीन अगस्त को सिकरौना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई शिक्षिका की हत्या की घटना को देखते हुए एहतियात के तौर पर कक्षाओं में विद्यार्थियों के बैग की जांच की जा रही है। 11 वीं कक्षा के विद्यार्थियों के बैग की जांच के दौरान एक बैग में चाकू, दो मोबाइल फोन, माचिस और एक एयर गन मिले। विद्यार्थियों से जब पूछताछ की गई तो सभी ने बैग को पहचानने से इंकार कर दिया।

एक विद्यार्थी ने कहा कि उसका बैग है तथा चार अन्य विद्यार्थियों के इसमें शामिल होने की बात कही। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इसमें तीन विद्यार्थी बालिग हैं, जबकि दो नाबालिग हैं। विद्यार्थियों के पास चाकू व एयरगन मिलने के बाद भी कार्रवाई न होने से स्कूल में अन्य विद्यार्थियों और अध्यापकों की सुरक्षा को खतरा है। स्कूल प्रबंधन ने जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस से लिखित में मांग की है कि स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। उधर, इस मामले के बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी डा. अंशु सिंगला और खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी ने स्कूल जाना जरूरी नहीं समझा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *